रांची में केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने शहरी विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा, समयबद्ध क्रियान्वयन के दिए निर्देश

केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने झारखंड प्रवास के दौरान रांची स्थित राज्य अतिथि गृह में राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आवासन एवं शहरी विकास मंत्रालय की प्रमुख योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में शहरी प्रशासन, नगर विकास एवं आवास विभाग की निदेशक नैन्सी सहाय, मिशन निदेशकगण तथा रांची स्मार्ट सिटी के महाप्रबंधक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी (PMAY-U 2.0), स्वच्छ भारत मिशन-शहरी (SBM-U 2.0), अमृत 2.0 और पीएम स्वनिधि योजना की प्रगति पर चर्चा करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री ने सभी परियोजनाओं का समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने हटिया रेलवे स्टेशन के समीप झुग्गीवासियों के पुनर्वास के लिए अफोर्डेबल हाउसिंग इन पार्टनरशिप (AHP) को प्राथमिकता देने, औद्योगिक नगरों में श्रमिकों के लिए अफोर्डेबल रेंटल हाउसिंग के प्रभावी संचालन तथा पीएम स्वनिधि योजना के तहत रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को शीघ्र क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन-शहरी एवं अमृत 2.0 के अंतर्गत सभी लंबित और प्रगतिरत परियोजनाओं को मार्च 2027 तक पूर्ण करने तथा राज्य की सभी लेगेसी वेस्ट डंप साइटों का वैज्ञानिक रिमेडिएशन दिसंबर 2026 तक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित ठेकेदार भुगतान शीघ्र जारी करने, सामुदायिक एवं सार्वजनिक शौचालयों की निविदाएँ अगस्त 2026 तक जारी करने और स्वच्छता अवसंरचना के बेहतर संचालन के लिए आईओटी आधारित मॉनिटरिंग प्रणाली अपनाने पर बल दिया। रांची में अपशिष्ट जल प्रबंधन की समीक्षा करते हुए उन्होंने बिना उपचारित अपशिष्ट जल के जलाशयों में प्रवाह को पूरी तरह रोकने तथा प्रस्तावित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए और रांची स्मार्ट सिटी की ग्रीनफील्ड परियोजनाओं की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य उन्मुख शहरी विकास का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। इसके बाद उन्होंने सीपीडब्ल्यूडी, हडको और एनबीसीसी के अधिकारियों के साथ निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा कर सभी कार्यों को उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने तथा अर्बन चैलेंज फंड के प्रभावी उपयोग पर जोर दिया। प्रवास के दौरान उन्होंने रांची स्थित कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट एवं लेगेसी वेस्ट डंप साइट का निरीक्षण कर बायोमाइनिंग और वैज्ञानिक अपशिष्ट प्रबंधन कार्यों की समीक्षा की तथा दिसंबर 2026 तक डंप साइट के वैज्ञानिक निष्पादन के निर्देश दिए। उन्होंने पुनर्स्थापित भूमि पर आयोजित वृक्षारोपण अभियान में भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण एवं सतत शहरी विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। इसके बाद चतरा जिले में भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता बिंदेश्वर साहू के निवास पहुंचकर उनकी दिवंगत माताजी को श्रद्धांजलि अर्पित की, शोक संतप्त परिवार से संवेदना व्यक्त की तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों से संवाद किया। इस दौरान सिमरिया विधायक कुमार उज्ज्वल दास भी उनके साथ उपस्थित रहे।







