ChhattisgarhRegion

एसईसीएल मुख्यालय में भू-जल संरक्षण एवं जल प्रबंधन विषय पर दो दिवसीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला सम्पन्न

Share


बिलासपुर।
साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) मुख्यालय, बिलासपुर में भू-जल संरक्षण एवं जल प्रबंधन विषय पर आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला आज सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। केंद्रीय भू-जल प्राधिकरण नई दिल्ली तथा केंद्रीय भू-जल बोर्ड, उत्तर मध्य छत्तीसगढ़ क्षेत्र, रायपुर के सहयोग से आयोजित इस कार्यशाला का उद्देश्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भू-जल संरक्षण, जल संसाधनों के बेहतर प्रबंधन तथा इससे जुड़े नियामकीय प्रावधानों की जानकारी प्रदान करना था।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) के कार्यपालक निदेशक (पर्यावरण) श्री सी. जयदेव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर एसईसीएल के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न क्षेत्रों एवं इकाइयों से आए अधिकारी-कर्मचारी तथा प्रशिक्षण में शामिल प्रतिभागी भी मौजूद रहे।
अपने संबोधन में श्री सी. जयदेव ने कहा कि जल संरक्षण केवल पर्यावरण से जुड़ा विषय नहीं, बल्कि भविष्य की पीढिय़ों के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि खनन गतिविधियों के साथ प्राकृतिक संसाधनों का संतुलित उपयोग और जल का वैज्ञानिक प्रबंधन समय की आवश्यकता है। उन्होंने इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों को उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नए नियमों, बेहतर कार्यप्रणालियों और जल संरक्षण के प्रभावी उपायों को समझने का अवसर मिलता है।
दो दिनों तक चले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में एसईसीएल के विभिन्न क्षेत्रों एवं इकाइयों से आए अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। कार्यशाला के दौरान विशेषज्ञों ने भू-जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, भू-जल पुनर्भरण, उद्योगों में जल के बेहतर उपयोग तथा भू-जल से जुड़े नियामकीय प्रावधानों पर विस्तार से जानकारी साझा की।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button