हेमचंद यादव विवि के कुलपति तिवारी के खिलाफ राज्यपाल ने दिए जांच के आदेश, गठित की 4 सदस्यीय जांच समिति

00 कुलपति के आर्थिक अनियमितताओं की वीके गोयल की अध्यक्षता में होगी जांच
दुर्ग। हेमचंद यादव विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) संजय तिवारी के खिलाफ वित्तीय, प्रशासनिक और शैक्षणिक अनियमितताओं की शिकायत मिलने के बाद राज्यपाल और कुलाधिपति रमन डेका ने 4 सदस्यीय जांच समिति का गठन कर दिया है। समिति की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग के अध्यक्ष प्रो. विजय कुमार गोयल करेंगे और समिति में राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, उप सचिव निधि साहू सदस्य बनाए गए हैं, जबकि अवर सचिव अनुभव शर्मा को संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। समिति को 30 दिन के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए है। यह कार्रवाई भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव की शिकायत के बाद हुई है।
विधायक देवेंद्र यादव ने 28 मई को राज्यपाल को पत्र लिखकर कुलपति प्रो. (डॉ.) संजय तिवारी के खिलाफ 6 अलग-अलग मामलों में जांच कराने की मांग की थी। इससे पहले 14 मार्च को कुलपति प्रो. संजय तिवारी ने अगली परीक्षाओं के लिए उत्तरपुस्तिकाओं की खरीदी को लेकर एक पत्र जारी किया था। इसमें उन्होंने पिछली बार खराब गुणवत्ता के कागज के कारण हुई परेशानियों का जिक्र करते हुए एम/एस श्रीराम प्रिंटर्स पर नियमों और प्रक्रिया के तहत विचार करने की अनुशंसा की थी। विधायक देवेंद्र ने इसे नियम विरुद्ध और मनमानी बताते हुए इसकी शिकायत राज्यपाल से की थी।
जांच समिति के गठन के बाद विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि हेमचंद यादव विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. संजय तिवारी के खिलाफ वित्तीय, प्रशासनिक और शैक्षणिक अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जांच बिना किसी दबाव के हो और जो भी तथ्य सामने आएं, उनके आधार पर कार्रवाई की जाए। उन्होंने उम्मीद जताई कि छात्रहित में राज्यपाल इस मामले में जल्द उचित निर्णय लेंगे।







