शहडोल में दो युवकों की संदिग्ध मौत से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

शहडोल जिले के धनपुरी और ब्यौहारी थाना क्षेत्रों में दो अलग-अलग स्थानों पर युवकों के संदिग्ध अवस्था में शव मिलने से हड़कंप मच गया है। पहले मामले में धनपुरी थाना क्षेत्र की पुरानी बस्ती खेरमाई माता तालाब के पास बबलू कोल नामक युवक का शव संदिग्ध हालत में जमीन पर पड़ा मिला, जिसके गले में साड़ी का फंदा बंधा हुआ था। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं दूसरे मामले में ब्यौहारी थाना क्षेत्र के ग्राम देवराव में एक युवक का खून से लथपथ शव उसकी बाइक के साथ सुनसान इलाके में मिला, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। परिजनों ने इस मामले में परिवार के ही एक सदस्य पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।







