बस्तर पहुंचा छात्र आंदोलन, जगदलपुर में NEET मुद्दे पर दो दिवसीय भूख हड़ताल

NEET पेपर लीक और छात्र मुद्दों को लेकर दिल्ली से शुरू हुआ आंदोलन अब बस्तर तक पहुंच गया है। जगदलपुर के एसबीआई चौक पर कांग्रेस पार्षद लोकेश चौधरी और युवा कांग्रेस नेता अंकित सिंह अपने साथियों के साथ दो दिवसीय भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली में छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज की निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बताया। उन्होंने NEET परीक्षा में सामने आए पेपर लीक और प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं को लेकर केंद्र सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की है। आंदोलनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराते हुए कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सरकार को गंभीर कदम उठाने चाहिए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि प्रशासन द्वारा आंदोलन स्थल खाली कराने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन उनका आंदोलन जारी रहेगा और जरूरत पड़ने पर इसे अनिश्चितकालीन आंदोलन में बदला जा सकता है।






