ChhattisgarhCrimeRegion

अंतरराज्यीय पेपर गैंग के 6 शातिर आरोपी गिरफ्तार, 2.74 लाख की चोरी का खुलासा, दो मुख्य आरोपी अब भी फरार

Share

बिलासपुर/रायपुर। आरपीएफ एवं राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) द्वारा की गई संयुक्त कार्रवाई में बिहार के बरियारपुर (मुंगेर) के कुख्यात पेपर गैंग के छह शातिर आरोपियों को जांजगीर चांपा से गिरफ्तार कर एक बड़ी सफलता प्राप्त की गई है। रेलवे द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई 12 जुलाई को गाड़ी संख्या 58214 टिटलागढ़ पैसेंजर में हुई चोरी की घटना के आधार पर की गई। रायगढ़ निवासी श्री यज्ञ नारायण सोनी अपनी पत्नी एवं बच्चों के साथ बिलासपुर से रायगढ़ तक यात्रा कर रहे थे। यात्रा के उपरांत उन्होंने पाया कि उनके प्लास्टिक बॉक्स में रखा लगभग ?2.74 लाख मूल्य के सोने के आभूषण चोरी हो चुके हैं। इस संबंध में जीआरपी, बिलासपुर में प्राथमिकी दर्ज कराई गई, जिसमें यात्रा के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों पर संदेह व्यक्त किया गया।
घटना के तरीके का विश्लेषण करने पर आरपीएफ की अपराध आसूचना शाखा (सीआईबी) एवं जीआरपी को अंतरराज्यीय पेपर गैंग की संलिप्तता का संदेह हुआ। इसके बाद ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के अंतर्गत विशेष जांच अभियान चलाते हुए बिलासपुर, जयरामनगर, अकलतरा, नैला एवं चांपा रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया गया। रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज को शहर के ट्रैफिक कैमरों एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों से जोड़कर संदिग्धों की गतिविधियों का पता लगाया गया। जांच में यह सामने आया कि आरोपी होटल में ठहरे थे तथा सभी आरोपी बिहार के बरियारपुर, मुंगेर के संगठित चोरी गिरोह से जुड़े हैं। तकनीकी निगरानी के दौरान यह भी ज्ञात हुआ कि गिरोह पुन: बिलासपुर क्षेत्र में चोरी की वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था। इसी सूचना के आधार पर 26 जुलाई को आरपीएफ की सीआईबी, बिलासपुर एवं जीआरपी की संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार किये गये आरोपीयों छत्तीस कुमार (42 वर्ष), बरियारपुर, मुंगेर (बिहार),सागर (23 वर्ष), बरियारपुर, मुंगेर (बिहार) पिंटू राज (38 वर्ष), बरियारपुर, मुंगेर (बिहार),उदय कुमार (35 वर्ष), बरियारपुर, मुंगेर (बिहार),शिंटू कुमार (29 वर्ष), बरियारपुर, मुंगेर (बिहार),हिमांशु कुमार (20 वर्ष), बरियारपुर, मुंगेर (बिहार) शामिल है जबकि इस गिरोह के दो अन्य आरोपी फरार हैं जिनमें गिरोह का मुख्य सरगना रणजीत कुमार मंडल और दीपक कुमार मंडल हैं जिनकी तलाश की जा रही है।
जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी पूर्व में भी रेलवे यात्रियों से चोरी की कई घटनाओं में संलिप्त रहे हैं। मामले की जांच जीआरपी, बिलासपुर द्वारा की जा रही है तथा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही, आरोपियों से पूछताछ के आधार पर रेलवे में हुई अन्य चोरी की घटनाओं के खुलासे की भी प्रबल संभावना है। ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के अंतर्गत आरपीएफ द्वारा दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में तकनीकी निगरानी, सीसीटीवी विश्लेषण, खुफिया सूचना संकलन एवं जीआरपी के साथ समन्वित कार्रवाई के माध्यम से अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा रहा है।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button