ChhattisgarhRegion

दपूमरे का विशेष नाका चेक अभियान में 7,823 मामलों से लगभग 51 लाख की वसूली

Share

रायपुर/बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश के निर्देश एवं प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक विजय कुमार के मार्गदर्शन में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा 21 मई से 4 जून तक पूरे रेलवे क्षेत्र में विभिन्न स्टेशनों एवं ट्रेनों में विशेष पखवाड़ा-व्यापी नाका चेक अभियान चलाया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर अंकुश लगाना तथा यात्रियों को वैध रेलवे टिकट के साथ यात्रा करने के महत्व के प्रति जागरूक करना था।
यह सघन अभियान दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के तीनों मंडलों में क्रमश: वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, बिलासपुर अनुराग कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, रायपुर अवधेश त्रिपाठी तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, नागपुर दिलीप सिंह के पर्यवेक्षण में संचालित किया गया। अभियान के दौरान रेलवे अधिकारियों एवं टिकट जांच कर्मचारियों द्वारा विभिन्न स्टेशनों तथा ट्रेनों में आकस्मिक निरीक्षण एवं टिकट जांच की गई।अभियान के परिणामस्वरूप बिना टिकट यात्रा के 5,265 मामले तथा अनियमित यात्रा के 2,558 मामले पकड़े गए। इन मामलों में संबंधित यात्रियों से किराया एवं जुर्माना के रूप में लगभग 51 लाख रुपये की राशि वसूल की गई।
इस संबंध में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक विजय कुमार ने कहा कि नाका चेक अभियान का प्रमुख उद्देश्य यात्रियों को वैध टिकट के साथ यात्रा करने की आवश्यकता के प्रति जागरूक करना तथा बिना टिकट यात्रा को हतोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि रेलवे किराया अत्यंत किफायती है और यात्रियों को सदैव उचित एवं वैध यात्रा प्राधिकार के साथ ही यात्रा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियान केवल नियम उल्लंघन करने वालों पर दंडात्मक कार्रवाई करने के लिए नहीं, बल्कि नियमित रूप से किराया भुगतान करने वाले वास्तविक यात्रियों के हितों की रक्षा करने तथा रेलवे व्यवस्था में निष्पक्षता बनाए रखने के लिए भी आवश्यक हैं। नियमित टिकट जांच अभियान यात्रा अनुशासन बनाए रखने, रेलवे राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा नियमों का पालन करने वाले यात्रियों के यात्रा अनुभव को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे रेलवे नियमों के अनुपालन के प्रति पूर्णत: प्रतिबद्ध है तथा सभी यात्रियों से अपील करता है कि वे केवल वैध टिकट के साथ ही यात्रा करें। भविष्य में भी पूरे रेलवे क्षेत्र में इस प्रकार के टिकट जांच अभियान नियमित रूप से चलाए जाते रहेंगे।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button