सरोना के स्कूली बच्चों ने निबंध और चित्रकारी के माध्यम से उकेरी विकसित भारत के आधुनिक स्टेशन की तस्वीर

रायपुर। भारतीय रेलवे की अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत विकसित सरोना रेलवे स्टेशन को लेकर स्थानीय स्कूली बच्चों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। इसी कड़ी में आज सरोना के स्वामी आत्मानंद शासकीय हिंदी/अंग्रेजी माध्यम उत्कृष्ट विद्यालय में निबंध एवं पेंटिंग (चित्रकारी) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी कल्पना और रचनात्मकता के अनूठे रंग बिखेरे। बच्चों को मेरे शहर का स्टेशन विकसित भारत में कैसा होगा और विकसित भारत बनाने के लिए मैं क्या करूंगा/करूंगी जैसे बेहद प्रेरणादायी और दूरदर्शी विषय दिए गए थे। इन विषयों पर विद्यार्थियों ने उत्साह से भाग लेकर अपने विचारो को निबन्ध का रूप दिया, बल्कि अपनी उत्कृष्ट चित्रकारी कला के माध्यम से भविष्य के आधुनिक व सर्वसुविधायुक्त रेलवे स्टेशन की सजीव तस्वीर भी कैनवास पर उतारी।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत सरोना स्टेशन को यात्रियों के अनुकूल सर्वसुविधायुक्त बनाने हेतु यात्री सुविधा विकास के अनेक कार्य कराये गए हैं। स्टेशन भवन का सौंदर्यीकरण और विस्तार, यात्रियों के लिए सुविधाजनक प्रतीक्षालय एवं बैठने की व्यवस्था, बेहतर लाइटिंग की व्यवस्था,आधुनिक यात्री सूचना प्रणाली की स्थापना, दिव्यांग अनुकूल सुविधाओं के साथ ही स्वच्छता व पर्यावरण अनुकूल सुविधाओं का विकास जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल है।







