कोरिया तिहरे हत्याकांड के बाद सियासत गरमाई, परिजनों ने सीबीआई जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की

छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के नौगई तिहरे हत्याकांड को लेकर क्षेत्र में अब भी आक्रोश और तनाव का माहौल बना हुआ है। इसी बीच मंत्री रामविचार नेताम ने नौगई पहुंचकर मृतक भाजपा नेता भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह के परिजनों से मुलाकात की और घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए न्याय दिलाने का भरोसा दिया। इस दौरान परिजनों ने आरोपियों के घर पर बुलडोजर कार्रवाई, सीबीआई जांच और घटना में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी की मांग की, जिसे मंत्री ने गंभीरता से सुनते हुए हर संभव कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस मौके पर स्थानीय विधायक भैयालाल राजवाड़े, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष कृष्ण बिहारी जायसवाल, शैलेश शिवहरे सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। गौरतलब है कि 16 जून की देर रात नौगई गांव में रेत घाट विवाद को लेकर हुई इस घटना में भाजपा नेता भरत सिंह सहित तीन लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य घायल हुए थे। पुलिस ने मामले में अब तक 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और एक की तलाश जारी है।







