ChhattisgarhCrimePoliticsRegion

पुलिस कर्मियों से बदसलूकी मामले में पुलिस ने 12 कांग्रेस नेताओ के खिलाफ दर्ज किया एफआईआर

Share

रायपुर। शंकर नगर स्थित राजीव भवन के बाहर बुधवार को प्रदर्शन के बाद पुलिस कर्मियों से बदसलूकी मामले में खम्हारडीह पुलिस ने दर्जन भर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है जिसमें सुनील कुकेरेजा, विनोद तिवारी, सकलेन कामदार, आकाश तिवारी, अजीत कुकेरेजा, हनी बग्गा, शांतनु झा, गणेश साहू, खुशी डहरिया, सागर दुबे, अजीज मिर्जा, अमित तिवारी सहित अन्य शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराएं 191, 121(1), 221 और 132 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
खम्हारडीह थाना प्रभारी निरीक्षक भावेश कुमार गौतम की शिकायत पर दर्ज एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग तोडऩे का प्रयास किया, पुलिस के साथ धक्का-मुक्की की और पथराव व बोतलें फेंकी, जिससे कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। एफआईआर में कहा गया कि भाजपा द्वारा प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के सामने प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए खम्हारडीह थाना, रक्षित केंद्र और अन्य थानों का पुलिस बल तैनात था। इसी दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से निकलकर बैरिकेडिंग की ओर बढ़े। पुलिस ने उन्हें रोकने और समझाइश देने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने।
पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शनकारी उग्र हो गए और पुलिस पर कांच की बोतलें, लकड़ी तथा पत्थर फेंके। साथ ही धक्का-मुक्की भी की गई। घटना में पीएसआई देवराज सिंह, महिला आरक्षक सीमा बंजारे सहित अन्य पुलिसकर्मियों के घायल होने का उल्लेख एफआईआर में किया गया है। इससे शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न हुई और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास किया गया।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button