शराब के नशे में मां की हत्या का आरोपी गिरफ्तार

दंतेवाड़ा। जिले के भांसी थाना क्षेत्र अंर्तगत धुरली में शराब के नशे में एक युवक ने अपनी ही मां की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी है। बताया जा रहा है कि युवक ने अपनी मां से खाना मांगा था, लेकिन खाना देने में देरी हो गई थी। इसी बात से नाराज होकर युवक ने अपनी मां को बेदम पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस जानकारी के अनुसार धुरली टिटेमपारा निवासी बुधरी तेलाम (60) की हत्या हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि वारदात वाले दिन महिला का बेटा सामु उर्फ श्याम तेलाम (32) आरोपी शराब के नशे में घर पहुंचा और अपनी मां से खाना मांगा। जब उसे खाना नहीं मिला तो वह गुस्से में आ गया। इसी दौरान उसने पास में रखे बांस के डंडे से अपनी मां के सिर पर जोरदार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से बुधरी तेलाम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में निरीक्षक प्रदीप बिसेन के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, सबूत जुटाए, शव का पोस्टमार्टम कराया और प्रत्यक्षदर्शियों के साथ ही अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए।
मामले में थाना भांसी में अपराध क्रमांक 05/2026 के तहत धारा 103 (1) बीएनएस के अंतर्गत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान संदेह के आधार पर आरोपी सामु उर्फ श्याम तेलाम को हिरासत में लिया गया और उससे पूछताछ में उसने अपनी मां की हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस को आरोपी के खिलाफ पर्याप्त सबूत मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। एएसपी आरके बर्मन ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।







