ChhattisgarhRegion

रायगढ़ रेलवे स्टेशन पर ऑटोमेटिक वेंडिंग मशीन का शुभारंभ

Share

बिलासपुर । रेलवे प्रशासन द्वारा यात्री सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं आधुनिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मंडल के रायगढ़ रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नं 01 पर ठंडे पेय पदार्थों हेतु ऑटोमेटिक वेंडिंग मशीन का शुभारंभ किया गया है। यह पहल रेलवे की यात्री-केंद्रित एवं तकनीक-आधारित सेवाओं को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय कदम है।
इस ऑटोमेटिक वेंडिंग मशीन के माध्यम से अब यात्रियों को ठंडे पेय पदार्थ खरीदने के लिए स्टॉल पर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। यात्री स्वयं इस मशीन का उपयोग कर अपनी सुविधा अनुसार कोका-कोला ब्रांड के विभिन्न ठंडे पेय पदार्थ आसानी से प्राप्त कर सकेंगे। मशीन का उपयोग अत्यंत सरल एवं सुविधाजनक है। यात्री को सबसे पहले मशीन पर उपलब्ध क्यूआर कोड को स्कैन करना होगा, जिसके पश्चात स्क्रीन पर उपलब्ध विकल्पों के माध्यम से वे अपनी पसंद का पेय पदार्थ चयन कर सकते हैं। भुगतान की प्रक्रिया पूर्ण होते ही संबंधित उत्पाद मशीन के नीचे स्थित डिस्पेंस बॉक्स से स्वत: प्राप्त हो जाता है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह ने बताया कि रेलवे यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। रायगढ़ रेलवे स्टेशन पर ऑटोमेटिक वेंडिंग मशीन की स्थापना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे दैनिक एवं लंबी दूरी के यात्रियों को समान रूप से लाभ मिलेगा। इस पहल से डिजिटल भुगतान को बढ़ावा मिलने के साथ ही चिल्हर और ओवर चार्जिंग की समस्या भी दूर होगी।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button