ChhattisgarhCrime

पति -पत्नी की हत्या कर शव दफनाया, 3 आरोपी गिरफ्तार

Share

गरियाबंद। गरियाबंद से डबल मर्डर का मामला सामने आया है। शोभा थाने के ग्राम गरीबा में एक पति-पत्नी की हत्या कर शवों को बोरे में भरकर श्मशान घाट में दफना दिया गया था । इस घटना का खुलासा एक सप्ताह बाद हुआ। जब ग्रामीणों को श्मशान घाट में संदिग्ध तरीके से दफनाए गए शवों की जानकारी मिली। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जांच शुरू में जुटी है।
मृतकों की पहचान ग्राम गरीबा निवासी राजाराम नेताम और उनकी पत्नी आशो बाई नेताम के रूप में हुई है। इस मामले में पुलिस ने मृतक के पड़ोस में रहने वाले लखीराम नेताम, रघुराम नेताम और नकुल राम नेताम को गिरफ्तार किया है।
शोभा थाना प्रभारी पवन वर्मा से मिली जानकारी के अनुसार, 6 जून को पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने राजाराम नेताम और उनकी पत्नी की डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद सबूत मिटाने की नीयत से दोनों शवों को चुपचाप गांव के श्मशान घाट में दफना दिया।
इसका खुलासा हाल ही में गांव के एक अन्य व्यक्ति के अंतिम संस्कार के दौरान श्मशान घाट पहुँचने पर हुआ। ग्रामीणों को दो अन्य स्थानों पर ताजा दफनाए गए शवों के निशान दिखाई दिए। ग्रामीणों को यह संदिग्ध लगा क्योंकि गांव में हाल के दिनों में किसी की मृत्यु नहीं हुई थी।
ग्रामीणों को पिछले एक सप्ताह से लापता राजाराम नेताम और उनकी पत्नी आशो बाई नेताम की याद आई। ग्रामीणों ने शोभा थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई।
इसके बाद थाना प्रभारी पवन वर्मा अपनी टीम के साथ गांव पहुंचे और श्मशान घाट में दफन शवों को बाहर निकलवाया। जांच के दौरान पुष्टि हुई कि बरामद शव राजाराम नेताम और आशो बाई नेताम के ही हैं।
पुलिस ने हत्या में शामिल तीनों आरोपियों लखीराम नेताम, रघुराम नेताम और नकुल राम नेताम को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और हत्या के कारणों सहित पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच जारी है।
दोनों शवों का पंचनामा कर आवश्यक कार्रवाई पूरी की है। शवों के अवशेषों को फॉरेंसिक जांच के लिए रायपुर भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट मिलने के बाद मामले से जुड़े और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button