ChhattisgarhRegion

श्रवण बाधित छात्रा को मिला श्रवण यंत्र, अब पढ़ाई में नहीं होगी कोई बाधा

Share


रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के गृह ग्राम बगिया स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का भरोसेमंद केंद्र बनकर उभर रहा है। यहां पहुंचने वाले नागरिकों की समस्याओं पर संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई की जा रही है, जिससे जरूरतमंदों को समय पर राहत मिल रही है।
इसी क्रम में जशपुर जिले के कुनकुरी तहसील अंतर्गत ग्राम गिरहलडीह, पोस्ट लोधमा निवासी श्रीमती रामपति बाई ने अपनी श्रवण बाधित पुत्री दीपिका कुमारी के लिए मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया में श्रवण यंत्र उपलब्ध कराने का आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदन में बताया गया कि कान से कम सुनाई देने के कारण उनकी पुत्री की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। दीपिका कुमारी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, पतराटोली, विकासखंड दुलदुला में कक्षा 9वीं की छात्रा है।
आवेदन प्राप्त होते ही मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए समाज कल्याण विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके पश्चात समाज कल्याण विभाग द्वारा मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत दुलदुला के माध्यम से छात्रा को शीघ्र श्रवण यंत्र उपलब्ध कराया गया।
श्रवण यंत्र मिलने के बाद दीपिका कुमारी ने बताया कि पहले कक्षा में शिक्षकों द्वारा पढ़ाए गए विषय स्पष्ट रूप से सुनाई नहीं देते थे, जिससे पढ़ाई में कठिनाई होती थी। अब श्रवण यंत्र मिलने के बाद वह शिक्षकों की बातें अच्छी तरह सुन और समझ पा रही है, जिससे उसकी पढ़ाई पहले की अपेक्षा अधिक सुगम हो गई है।
दीपिका कुमारी और उनकी माता श्रीमती रामपति बाई ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय की त्वरित पहल से उनकी समस्या का शीघ्र समाधान हुआ और छात्रा के बेहतर भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण सहयोग मिला।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया के माध्यम से स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा तथा दिव्यांगजन सहायता सहित विभिन्न जनकल्याणकारी मामलों में प्राप्त आवेदनों पर प्राथमिकता के साथ कार्रवाई की जा रही है। इससे पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंच रहा है और शासन के प्रति आमजन का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button