पुराने सिक्कों और नोटों के बदले लाखों की ठगी, आरोपी हरियाणा से गिरफ्तार

खैरागढ़/छुईखदान। पुराने सिक्कों और नोटों के बदले लाखों का झांसा देकर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय साइबर गिरोह के मास्टरमाइंड को पुलिस ने हरियाणा के नूंह जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एक व्यक्ति से 11 लाख 70 हजार रुपये की ठगी की थी। पुलिस ने आरोपी के पास से 9 मोबाइल फोन 2 एटीएम कार्ड और 4 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, पद्मावतीपुर निवासी नेताराम देवांगन ने छईखदान थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उसके मोबाइल पर व्हाट्सएप से पुराने नोट और सिक्कों के बदले लाखों मिलने का प्रस्ताव आया । लालच में आकर उसने 5 रुपये का पुराना नोट भेजा, इसके बदले 37 लाख 94 हजार रुपये देने का झांसा दिया गया। इसके बाद पीड़ित से बहानों से प्रोसेसिंग फीस कस्टम शुल्क आदि के नाम पर किस्तों में रकम ट्रांसफर करवाई गई।
आरोपी ने नकदी भेजने और पुलिस कार्रवाई का डर दिखाकर भी पैसे वसूले। कुल 11 लाख 70 हजार रुपये की ठगी की। इस मामले में छुईखदान थाने में अपराध क्रमांक 122/2026 के तहत संबंधित धाराओं और आईटी एक्ट में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच में पुलिस को 20 बैंक खातों और 30 से 40 फर्जी सिम कार्ड की जानकारी मिली ।
तकनीकी आधार पर आरोपी की लोकेशन हरियाणा के नूंह जिले में मिली। इसके बाद पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से आरोपी मोहम्मद जाहिर 19 , निवासी ग्राम डूंगेजा, थाना पिंगवा, जिला नूंह को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को 15 अप्रैल 2026 को हरियाणा से गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर छत्तीसगढ़ लाई। 17 अप्रैल को उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में साइबर सेल खैरागढ़ और थाना छुईखदान पुलिस की अहम भूमिका रही ।







