Politics

राहुल गांधी समेत कई कांग्रेसी नेताओं पर असम में FIR,जानें क्या है पूरा मामला

Share

असम पुलिस ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी के अन्य नेताओं के खिलाफ हिंसा में शामिल होने के आरोप में मंगलवार को FIR दर्ज की। असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने यह जानकारी दी। राहुल गांधी के नेतृत्व वाली भारत जोड़ो न्याय यात्रा इस समय असम में है। हिंसा की कथित घटनाएं उस समय हुईं, जब पार्टी समर्थकों और नेताओं ने गुवाहाटी में प्रवेश करने की कोशिश में अवरोधक तोड़ दिए और पुलिसकर्मियों के साथ झड़प की।

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने ट्वीट करके बताया है कि कांग्रेस सदस्यों द्वारा हिंसा, उकसावे, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और पुलिस कर्मियों पर हमले के अनियंत्रित कृत्यों के संदर्भ में राहुल गांधी, के.सी. वेणुगोपाल, कन्हैया कुमार और अन्य व्यक्तियों के खिलाफ धारा 120 (बी) 143/147/188/283/353/332/333/427 आईपीसी आर/डब्ल्यू धारा 3 पीडीपीपी अधिनियम के तहत एक FIR दर्ज़ की गई है। इससे पहले सीएम ने राज्य के पुलिस महानिदेशक को अवरोधक तोड़ने के लिए भीड़ को उकसाने को लेकर राहुल गांधी के खिलाफ मामला दर्ज करने का निर्देश दिया था।

गुवाहाटी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प हुई थी। राहुल गांधी ने बस के ऊपर खड़े होकर लोगों को संबोधित करते हुए कहा था कि कांग्रेस के लोगों ने अवरोधक हटा दिए हैं, लेकिन हम कानून नहीं तोड़ेंगे। राहुल गांधी ने अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों को बब्बर शेर करार दिया था। उन्होंने कहा था कि आपको यह नहीं सोचना चाहिए कि हम कमजोर हैं। हमने अवरोधक हटा दिए हैं।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button