ChhattisgarhRegion

समय पर खाद, बीज और ऋण से खुशहाल हुई खेती

Share


सुकमा। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में किसानों को समय पर कृषि सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयासों का सकारात्मक परिणाम छत्तीसगढ के सुकमा जिले में देखने को मिल रहा है। खरीफ सीजन से पहले जिला प्रशासन ने किसानों को खाद, उन्नत बीज और किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) के माध्यम से ऋण समय पर उपलब्ध कराया, जिससे किसानों को बिना किसी परेशानी के खेती की तैयारी करने में सुविधा मिली।
सुकमा जिले के छिंदगढ़ विकासखंड के ग्राम कुम्हाररास के किसान सोमारू राम इसकी एक प्रेरणादायक मिसाल हैं। दो एकड़ कृषि भूमि पर खेती करने वाले सोमारू राम को छिंदगढ़ सहकारी समिति के माध्यम से सब्सिडीयुक्त किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण मिला। साथ ही कुकानार समिति से उन्हें समय पर उन्नत धान का बीज तथा एक-एक बोरी यूरिया, डीएपी, एनपीके और पोटाश भी उपलब्ध कराया गया।
सोमारू राम बताते हैं कि पहले खेती के मौसम में खाद, बीज और पैसे की व्यवस्था करना बड़ी चुनौती होती थी। इस बार सभी आवश्यक सामग्री समय पर मिल जाने से उनकी बोआई समय पर शुरू हो गई और आर्थिक चिंता भी दूर हो गई। इससे उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और वे अच्छी फसल की उम्मीद कर रहे हैं।
वे मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहते हैं कि सरकार की किसान हितैषी योजनाओं से छोटे किसानों को बड़ा सहारा मिला है। समय पर मिली सहायता से खेती आसान हुई है और किसानों में उत्साह का माहौल है।
जिला प्रशासन केवल खाद, बीज और ऋण उपलब्ध कराने तक ही सीमित नहीं है, बल्कि खाद, बीज की कालाबाजारी, अवैध भंडारण और बिचौलियों पर भी लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीमें नियमित निरीक्षण कर यह सुनिश्चित कर रही हैं कि किसानों को उचित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण कृषि सामग्री उपलब्ध हो।
समय पर ऋण, गुणवत्तापूर्ण कृषि आदान और प्रभावी निगरानी की इस व्यवस्था ने सुकमा जिले के किसानों का विश्वास मजबूत किया है। इससे न केवल खेती का कार्य सुचारु रूप से आगे बढ़ रहा है, बल्कि इस खरीफ सीजन में बेहतर उत्पादन की उम्मीद भी बढ़ी है।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button