ChhattisgarhRegion

शासकीय महाविद्यालय भाटापारा में कारगिल विजय दिवस पर निबंध एवं भाषण प्रतियोगिता 

Share

भाटापारा। शासकीय गजानंद अग्रवाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय, में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के तत्वावधान में कारगिल विजय दिवस के अवसर पर निबंध एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में देशभक्ति की भावना, सैनिकों के प्रति सम्मान तथा राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित करना था।
कार्यक्रम में निबंध प्रतियोगिता का विषय कारगिल विजय दिवस : इतिहास, वर्तमान और भविष्य के लिए सीख तथा भाषण प्रतियोगिता का विषय राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका और राष्ट्रीय सुरक्षा रखा गया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह एवं गंभीरता के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेते हुए अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. ए. आर. सी. जेम्स ने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल एक ऐतिहासिक विजय का स्मरण नहीं, बल्कि देश के सैनिकों के अदम्य साहस, त्याग, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने जीवन में राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दें तथा जिम्मेदार, अनुशासित और जागरूक नागरिक बनकर देश के विकास एवं सुरक्षा में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएँ।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने कारगिल युद्ध के वीर सैनिकों के अद्वितीय शौर्य, बलिदान और राष्ट्र के प्रति समर्पण को भावपूर्ण शब्दों में श्रद्धांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए शिक्षा, अनुशासन, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्रीय एकता को सशक्त भारत की आधारशिला बताया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों ने कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके सर्वोच्च बलिदान को स्मरण किया तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा के प्रति सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button