कार्यों में लापरवाही और आर्थिक गड़बड़ी के आरोप में डीईओ निलंबित

महासमुंद। राज्य शासन के स्कूल शिक्षा विभाग ने महासमुंद के प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरे को निलंबित कर दिया है। विजय कुमार लहरे पर परीक्षा प्रश्नपत्र विवाद, विभागीय कार्यों में लापरवाही और वित्तीय अनियमितताओं के आरोप है। इसके चलते यह कार्रवाई की गई है।
8 जनवरी 2026 को एक समाचार प्रकाशित हुआ था, जिसमें चौथी कक्षा की अंग्रेजी परीक्षा के प्रश्नपत्र में आपत्तिजनक सवाल पूछने का मामला सामने आया। प्रश्न में कुत्ते के नाम के विकल्प में भगवान राम का नाम शामिल किया गया था। इससे धार्मिक भावनाएं आहत हुईं। जांच में पाया गया कि प्रश्नपत्र तैयार करने और वितरण की पूरी जिम्मेदारी जिला शिक्षा अधिकारी की थी, लेकिन इस मामले में लापरवाही बरती गई।
उन पर परीक्षा प्रश्नपत्र तैयार करने में लापरवाही बरतने, आपत्तिजनक सवाल से धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने, हाईकोर्ट से जुड़े मामले में समय पर कार्रवाई नहीं करने और विभागीय आदेशों की अवहेलना करने के आरोप में कार्यवाई की गई है।
शासन ने इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 का उल्लंघन मानते हुए, सिविल सेवा नियम 1966 के तहत कार्रवाई की है। उनकी जगह पर बी.एल. देवांगन (उप संचालक, लोक शिक्षण संचालनालय) को महासमुंद जिला शिक्षा अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।






