NEET पुनः परीक्षा की तैयारियों का कलेक्टर ने लिया जायजा, 11 केंद्रों का किया निरीक्षण

रायपुर। 21 जून को आयोजित होने वाली NEET (UG) 2026 पुनः परीक्षा के सुचारु एवं व्यवस्थित आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने जिले के 11 परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्रों में पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। संभावित बारिश को देखते हुए परीक्षार्थियों की फ्रिस्किंग शेड या छायादार स्थान पर करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो। कलेक्टर ने परीक्षा केंद्रों के आसपास ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने तथा केंद्रों तक पहुंचने वाले मार्गों को सुगम और व्यवस्थित रखने के निर्देश भी दिए। रायपुर जिले में री-नीट परीक्षा के लिए कुल 25 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। निरीक्षण के दौरान रायपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक श्वेता सिन्हा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार बिश्वरंजन सहित प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।







