मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दी बड़ी सौगातों और योजनाओं की जानकारी

विष्णुदेव साय रविवार को सुशासन तिहार 2026 लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में करीब तीन घंटे देरी से पहुंचे। मंच पर पहुंचते ही उन्होंने आम जनता से देरी के लिए खेद व्यक्त करते हुए क्षमा मांगी और कहा कि लगातार अलग-अलग जिलों में कार्यक्रमों की व्यस्तता के कारण ऐसा हुआ। कार्यक्रम देर रात तक चला, जिसमें मुख्यमंत्री ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कई अहम मुद्दों पर अपनी बात रखी। नजुल भूमि पर पट्टा वितरण को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस दिशा में गंभीरता से काम करेगी और पात्र लोगों को पट्टा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता की मांगों को प्राथमिकता दी जा रही है और सरकार उन्हें पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। रेल लाइन की मांग पर मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रेलवे बजट में 21 गुना वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में 47 हजार करोड़ रुपये की रेल परियोजनाओं पर काम जारी है और 32 रेलवे स्टेशनों को विश्वस्तरीय बनाया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में प्रदेश के सभी जिलों तक रेल लाइन पहुंचेगी। शिक्षकों के प्रशिक्षण और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने मुंगेली जिले के दसवीं और बारहवीं बोर्ड परीक्षा परिणामों की सराहना की। उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किए जाने का उल्लेख करते हुए जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की तारीफ की तथा कहा कि शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं का चरणबद्ध समाधान किया जाएगा।







