सक्ती के वेदांता पावर प्लांट हादसे पर मृतकों के परिजनों को 5.5 लाख मुआवजा

रायपुर। सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे अत्यंत पीड़ादायक बताया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं प्रकट की हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कठिन घड़ी में राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों के परिजनों को 5.5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है, जबकि घायलों को 50-50 हजार रुपये की मदद दी जाएगी ताकि उन्हें तत्काल राहत मिल सके।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी घायलों का समुचित और निःशुल्क इलाज सुनिश्चित किया जाए। साथ ही स्पष्ट किया कि उपचार में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर कमिश्नर को जांच के आदेश दे दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सरकार इस पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है और राहत एवं पुनर्वास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।







