बिलासपुर गुड्स शेड 28 मई से स्थायी रूप से बंद, उसलापुर में पब्लिक गुड्स शेड प्रारम्भ

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल द्वारा माल परिवहन सुविधाओं के सुव्यवस्थित संचालन एवं बेहतर यातायात प्रबंधन के उद्देश्य से उसलापुर स्टेशन में गुड्स शेड प्रारम्भ किया गया है। साथ ही बिलासपुर स्थित गुड्स शेड (माल गोदाम) को 28 मई से स्थायी रूप से बंद किया जा रहा है।
उसलापुर स्टेशन में गुड्स शेड एक पब्लिक गुड्स शेड के रूप में कार्य करेगा। इस गुड्स शेड के माध्यम से कोई भी व्यापारी, संस्थान अथवा आम नागरिक अपना माल भेज एवं मंगा सकेगा। उसलापुर गुड्स शेड में मुख्य रूप से खाद्य सामग्री एवं उर्वरक संबंधी माल की बुकिंग एवं हैंडलिंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अनुराग कुमार सिंह ने व्यापारियों, परिवहनकर्ताओं एवं आम उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे 28 मई 2026 के पश्चात बिलासपुर गुड्स शेड के स्थान पर उसलापुर गुड्स शेड का उपयोग करें एवं रेलवे की माल परिवहन सेवाओं का लाभ उठाएँ।







