ब्यावरा हादसा: गैस सिलेंडर विस्फोट में पति की मौत, पत्नी की हालत गंभीर

मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा शहर में दर्दनाक हादसा हो गया, जहां गैस सिलेंडर फटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। यह घटना सुबह करीब 5 बजे बायपास स्थित शिवधाम कॉलोनी में सुरेंद्र सिंह भल्ला के घर में हुई, जहां रसोईघर में रखे गैस सिलेंडर में अचानक आग लगने के बाद जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि पूरे इलाके में दहशत फैल गई और घर में मौजूद सुरेंद्र सिंह भल्ला (60 वर्ष) और उनकी पत्नी पद्मा भल्ला बुरी तरह झुलस गए। दोनों को पहले ब्यावरा में प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद उन्हें भोपाल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में नरसिंहगढ़ के पास सुरेंद्र सिंह ने दम तोड़ दिया। घटना के समय दंपती घर में अकेले थे और घर में पीएनजी गैस कनेक्शन के साथ एलपीजी सिलेंडर भी मौजूद था। फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है और पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।







