ChhattisgarhCrimeRegion

ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा के लिए कुख्यात बाबू खेमानी मुंबई से गिरफ्तार

Share

रायपुर। ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा के लिए कुख्यात बाबू खेमानी को पुलिस ने देर रात मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है। उसका भाई करण खेमानी अभी फरार है जिसकी तलाश में पुलिस जुट गई है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बाबू खेमानी रायपुर का निवासी है और सोशल मीडिया पर खुद को इन्फ्लुएंसर के रूप में प्रस्तुत करता रहा है। जांच एजेंसियों का दावा है कि आईपीएल मैचों के दौरान बड़े पैमाने पर ऑनलाइन सट्टा खिलाने के लिए उसने एक संगठित डिजिटल नेटवर्क तैयार किया था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस नेटवर्क को लेकर जल्द ही बड़ा खुलासा हो सकता है।
बाबू खेमानी महादेव सिंडिकेट की तर्ज पर 3 स्टम्प नाम से ऑनलाइन वेबसाइट बनाकर आईपीएल मैचों में सट्टा संचालित कर रहा था। 13 अप्रैल को उसके खिलाफ गंज थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी, जिसके बाद से वह फरार चल रहा था। बताया जा रहा है कि बाबू और उसका भाई करण दुबई से जुड़े हुए हैं और उनका अक्सर वहां आना-जाना होता था। पहले दोनों रविभवन क्षेत्र में मोबाइल की दुकान चलाते थे, लेकिन सट्टा कारोबार शुरू करने के बाद दुकान बंद कर दी। इसके बाद वे बड़े पैमाने पर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने लगे। मैच के दौरान दोनों पुणे, मुंबई और गोवा जैसे शहरों में रहते थे और मैच खत्म होने के बाद रायपुर लौट आते थे। रायपुर में भी उन्होंने सट्टे का नेटवर्क फैला रखा था। क्राइम ब्रांच ने सबसे पहले उनके कैशियर कमलेश देवांगन को गिरफ्तार किया, जिसके बाद पूरे गिरोह का खुलासा हुआ। रायपुर पुलिस बाबू खेमानी पर पहले भी कार्रवाई कर चुकी है। करीब तीन साल पहले उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया गया था।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button