ChhattisgarhRegion

महंत लक्ष्मीनारायण दास महाविद्यालय में एलुमिनाई एसोसिएशन की बैठक संपन्न

Share

रायपुर। महंत लक्ष्मीनारायण दास महाविद्यालय में एलुमिनाई एसोसिएशन की महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में महाविद्यालय के विकास, वर्तमान विद्यार्थियों के हितों तथा आगामी गतिविधियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक का उद्देश्य पूर्व छात्रों को महाविद्यालय की प्रगति एवं छात्र हितैषी योजनाओं से जोड़ते हुए उनकी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना रहा।
बैठक में आगामी समय में आयोजित किए जाने वाले वृक्षारोपण अभियान, सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों तथा विभिन्न छात्र कल्याणकारी गतिविधियों की रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया गया। इसके साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर एवं निर्धन विद्यार्थियों की शिक्षा में सहयोग प्रदान करने, उनकी फीस सहायता हेतु एलुमिनाई एसोसिएशन की सहभागिता बढ़ाने तथा इस दिशा में ठोस पहल करने पर भी सकारात्मक चर्चा हुई।
बैठक के दौरान इस बात पर विशेष बल दिया गया कि वर्तमान में महाविद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों को करियर मार्गदर्शन, कौशल विकास, व्यक्तित्व विकास, रोजगार एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी संबंधी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए। साथ ही पूर्व छात्रों के अनुभव एवं विशेषज्ञता का लाभ विद्यार्थियों तक पहुँचाने के लिए समय-समय पर प्रेरक व्याख्यान, कार्यशालाएँ एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित करने पर भी सहमति बनी।
महाविद्यालय के प्राचार्य देवाशीष मुखर्जी ने कहा कि एलुमिनाई एसोसिएशन महाविद्यालय और पूर्व छात्रों के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य कर रही है। पूर्व छात्रों का सहयोग विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा उनकी सक्रिय भागीदारी से महाविद्यालय नई उपलब्धियों की ओर अग्रसर होगा।
एल्युमिनी एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री प्रदीप साहू की अध्यक्षता मे पूर्व छात्रों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करते हुए शिक्षा, समाज सेवा एवं छात्र कल्याण के क्षेत्र में एलुमिनाई एसोसिएशन को और अधिक सक्रिय बनाने का निर्णय लिया गया!
बैठक में एलुमिनाई एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रदीप साहू, उपाध्यक्ष स्वाती साहू, उपाध्यक्ष अंकित शुक्ला एवं मोहन पाठक, सचिव संजना शर्मा, संयुक्त सचिव रोहित चौहान, कोषाध्यक्ष राधेश्याम व्यास तथा एलुमिनाई एसोसिएशन के प्रभारी लक्ष्मीकांत साहू उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों ने महाविद्यालय के समग्र विकास, छात्र हित एवं सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़े कार्यक्रमों को निरंतर गति देने का संकल्प व्यक्त किया।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button