ChhattisgarhCrimeRegion

फरसगांव तहसीलदार के रीडर को रिश्वत लेते एसीबी ने रंगे हाथ किया गिरफ्तार

Share

काेंड़ागांव। जिले के फरसगांव तहसील कार्यालय में एसीबी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तहसीलदार के रीडर मुकेश रंगारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के अनुसार, फरसगांव तहसील अंतर्गत ग्राम पाटला निवासी बिसुलाल नेताम ने एंटी करप्शन ब्यूरो से शिकायत की थी कि नामांतरण प्रकरण में उसके पिता और बुआ का नाम दर्ज करने के एवज में तहसीलदार के रीडर मुकेश रंगारी द्वारा 70 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन किया और ट्रैप की योजना बनाई।
बताया जा रहा है कि शिकायतकर्ता पूर्व में आरोपी को दो किश्तों में 15 हजार रुपये और 20 हजार रुपये, कुल 35 हजार रुपये दे चुका था । आज मंगलवार को जब आरोपी तीसरी किश्त के रूप में 10 हजार रुपये की रिश्वत ले रहा था, तभी पहले से घात लगाए बैठी की टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद एसीबी ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछ-ताछ शुरू कर दी। मौके पर रिश्वत की राशि जब्त की गई तथा आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
एसीबी के डीएसपी चंद्रशेखर ध्रुव ने बताया कि प्रार्थी की शिकायत के आधार पर सत्यापन करने के बाद ट्रैप की कार्रवाई की गई। आरोपी को विशेष न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रारंभिक जांच में फिलहाल किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी की संलिप्तता सामने नहीं आई है, हालांकि मामले की जांच जारी है और जांच में अन्य किसी की भूमिका मिलने पर उसके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button