आंगनबाड़ी केंद्रों में जिला स्तर पर पहली बार हुआ सुविधादाता व पालक बैठक का आयोजन

रायपुर। रायपुर जिले में प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल और शिक्षा (ईसीसीई) के क्षेत्र में आज एक ऐतिहासिक शुरुआत हुई है। महिला एवं बाल विकास विभाग और गढ़बो बचपन के संयुक्त सहयोग से जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों में जिला स्तर पर पहली बार एक विशेष सुविधादाता एवं पालक बैठक का भव्य आयोजन किया गया।

इस बैठक की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि इतिहास में पहली बार 5 से 6 वर्ष के बच्चों के पालकों को आकलन कार्ड दिए गए, जिससे वे अपने बच्चों की प्रगति और विकास को व्यवस्थित रूप से समझ सकें। इसके साथ ही, बच्चों को आगामी स्कूली शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पहली बार विद्यारंभ प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस विशेष आयोजन में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सरपंचों, पार्षदों सहित विभिन्न स्कूलों के प्राचार्य और शिक्षकों ने भी हिस्सा लिया। सभी अतिथियों ने बच्चों का हौसला बढ़ाया और विभाग की इस अनूठी पहल की सराहना की। इस बैठक के माध्यम से पालकों, समुदाय के प्रबुद्ध जनों, स्कूल प्रबंधन और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के बीच एक मजबूत समन्वय स्थापित हुआ है, जो बच्चों के सुनहरे भविष्य की नींव रखने में मददगार साबित होगा।
छत्तीसगढ़ में प्रारंभिक शिक्षा के स्तर को मजबूत करने की दिशा में इस आयोजन को एक मील का पत्थर माना जा रहा है। इस सफल और अनुकरणीय आयोजन के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग, गढ़बो बचपन एडुवीव फाउंडेशन की और सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सराहना की जा रही है।




