डायल 112 पर बड़ा रियलिटी चेक, विजय शर्मा ने परखी आपात सेवा की रफ्तार

रायपुर में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने छत्तीसगढ़ की आपातकालीन सेवाओं की जमीनी हकीकत और रिस्पांस टाइम को परखने के लिए एक अनोखा कदम उठाया। उन्होंने खुद पीड़ित बनकर डायल 112 पर कॉल किया और शिकायत दर्ज कराई कि बेमेतरा थाने के पास एक सड़क दुर्घटना हुई है और सहायता की आवश्यकता है। शिकायत के कुछ ही समय बाद डायल 112 की गाड़ी मौके पर पहुंच गई, जिसके बाद उप मुख्यमंत्री ने स्वयं मौके पर पहुंचकर पूरी व्यवस्था का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने वाहन में उपलब्ध तकनीकी सुविधाओं, लोकेशन ट्रैकिंग सिस्टम, रिस्पांस मैकेनिज्म और आपात स्थिति में पुलिस की कार्यप्रणाली की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से डायल 112 की कार्यप्रणाली और तकनीकी व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की। उल्लेखनीय है कि 18 मई को डायल 112 की 400 से अधिक अत्याधुनिक वाहनों की शुरुआत केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के द्वारा की गई थी। यह सेवा 24×7 संचालित है और इसमें जीआईएस आधारित मॉनिटरिंग, एडवांस व्हीकल ट्रैकिंग, कॉलर लोकेशन पहचान जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जा रहा है।







