ऑपरेशन सिपाही रक्षा-सूत्र अभियान के तहत तैयार की गईं 1 लाख 11 हजार राखियां

रायपुर। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर देश की सीमाओं पर तैनात वीर सैनिकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने के उद्देश्य से कलेक्टर जिला रायपुर डॉ. गौरव सिंह के मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला रायपुर द्वारा ऑपरेशन सिपाही रक्षा-सूत्र अभियान के अंतर्गत 1 लाख 11 हजार राखियां तैयार कराई गई हैं।
रक्षाबंधन के पावन अवसर पर देश के वीर सैनिकों को आत्मीय संदेश भेजने के लिए गुडिय़ारी स्थित भारतमाता चौक में आयोजित विशेष कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी सुश्री शैल ठाकुर सहित पर्यवेक्षक एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने ऑपरेशन सिपाही रक्षा-सूत्र अभियान के संयोजक श्री महेंद्र प्रताप सिंह राणा को प्रतीकात्मक रूप से राखियां सौंपीं। इस अवसर पर उपस्थित सभी ने सीमा पर सैनिक, घर-घर से स्नेह के नारे के साथ राष्ट्रभक्ति का माहौल बनाया।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला रायपुर द्वारा इस अभियान के अंतर्गत 1 लाख 11 हजार राखियां तैयार कराई गई हैं। उल्लेखनीय है कि गत वर्ष महिला एवं बाल विकास विभाग रायपुर द्वारा 52 हजार राखियां तैयार कर सैनिकों को प्रेषित की गई थीं। अभियान को मिली व्यापक जनभागीदारी और उत्साह को देखते हुए इस वर्ष लक्ष्य को दोगुना करते हुए 1.11 लाख राखियां तैयार की गई हैं। यह उपलब्धि रायपुर जिले की मातृशक्ति के बढ़ते राष्ट्रप्रेम, सामाजिक सहभागिता और सैनिकों के प्रति सम्मान का जीवंत उदाहरण है।
इस अभियान में आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं, महिला पर्यवेक्षक, परियोजना अधिकारी एवं स्व-सहायता समूहों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। सभी राखियां स्थानीय स्तर पर हस्तनिर्मित हैं, जो मातृशक्ति की भावनाओं, राष्ट्रप्रेम और सैनिकों के प्रति सम्मान का प्रतीक हैं। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कहा कि रक्षाबंधन केवल एक पर्व नहीं, बल्कि विश्वास, सुरक्षा और आत्मीयता का प्रतीक है। रायपुर जिले की माताओं, बहनों एवं बेटियों द्वारा तैयार की गई 1.11 लाख राखियां हमारे वीर सैनिकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की अभिव्यक्ति हैं।







