ChhattisgarhRegion

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में कवच प्रणाली का एसआईएल-4 ट्रायल सफल

Share

रायपुर/बिलासपुर। भारतीय रेल की स्वदेशी अत्याधुनिक ट्रेन सुरक्षा प्रणाली कवच के अंतर्गत दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपूर रेल मण्डल के अंतर्गत कलमना-सालवा (25 किलोमीटर) रेलखंड में सायं 15:00 बजे से 17:30 बजे तक एसआईएल-4 स्तर का कवच ट्रायल ब्रेकिंग मोड ऑन में सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। इस परीक्षण के दौरान कवच प्रणाली की विभिन्न सुरक्षा सुविधाओं का परीक्षण किया गया, जो पूरी तरह सफल रहा।
परीक्षण के दौरान सिग्नल आस्पेक्ट की पहचान, स्वचालित ब्रेकिंग (ऑटोमैटिक ब्रेकिंग), स्वचालित गति नियंत्रण (ऑटोमैटिक स्पीड कंट्रोल) तथा आपातकालीन एसओएस प्रणाली (आपातकालीन अलर्ट) का परीक्षण किया गया और सभी परीक्षण संतोषजनक पाए गए। सामान्य परिस्थितियों में लाल सिग्नल मिलने पर लोको पायलट स्वयं ब्रेक लगाता है। यदि किसी कारणवश लोको पायलट समय पर ब्रेक लगाने में असमर्थ रहता है, तो कवच प्रणाली स्वत: सिग्नल की स्थिति का पता लगाकर स्वचालित रूप से ब्रेक लगा देती है, जिससे ट्रेन सुरक्षित रूप से रुक जाती है और सिग्नल पास्ड एट डेंजर जैसी घटनाओं की संभावना को प्रभावी रूप से रोका जा सकता है।
स्वचालित गति नियंत्रण परीक्षण के दौरान यह परखा गया कि रेलखंडों एवं यार्डों में निर्धारित गति प्रतिबंध का पालन सुनिश्चित हो। यदि लोको पायलट निर्धारित सीमा के अनुरूप गति नियंत्रित नहीं कर पाता, तो कवच प्रणाली स्वत: हस्तक्षेप कर ट्रेन की गति को निर्धारित सीमा के भीतर ले आती है, जिससे संरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित होता है।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button