Madhya Pradesh

उज्जैन हनीट्रैप केस भांजे की मुखबिरी से हुआ अपहरण, 10 आरोपी गिरफ्तार

Share

उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में इंस्टाग्राम के जरिए हनीट्रैप, अपहरण और फिरौती के चर्चित मामले में नानाखेड़ा पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए फरियादी हैदर पटेल के भांजे इदरीश पटेल की संलिप्तता उजागर की है। पुलिस के अनुसार, इदरीश ने अपने मामा की आर्थिक स्थिति, इंस्टाग्राम आईडी और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी गिरोह तक पहुंचाई, जिसके बाद आरोपियों ने नौकरी का झांसा देकर अंजली ठाकुर नाम की युवती के जरिए हैदर को मिलने बुलाया और वहां से उसका अपहरण कर लिया। आरोपियों ने खुद को हिंदू संगठन का सदस्य बताकर मारपीट की, आपत्तिजनक वीडियो बनाया और उसे वायरल करने व झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी। बाद में सौदा 26 लाख रुपये में तय हुआ, जिसमें 10 लाख रुपये लेने के बाद हैदर को छोड़ दिया गया, जबकि शेष 16 लाख रुपये की मांग जारी रही। बाद में स्वयं हैदर पटेल ने स्पष्ट किया कि इस वारदात में किसी हिंदूवादी संगठन का कोई कार्यकर्ता शामिल नहीं था और संगठन के कार्यकर्ताओं की मदद से ही वह थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज करा सका। पुलिस ने साइबर तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर तंत्र और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी लोकेश शर्मा सहित 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि महिला आरोपी अंजली ठाकुर और एक अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह ऐसे लोगों को निशाना बनाता था जिनके पास हाल ही में पैसे आए हों या जिन्हें आसानी से हनीट्रैप में फंसाया जा सके। एडिशनल एसपी गुरुप्रसाद पाराशर ने बताया कि मामले की जांच जारी है और हनीट्रैप सहित अन्य पहलुओं के तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। इस बीच घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें फिरौती की रकम देने के बाद परिजन हैदर को लेने पहुंचते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस फुटेज की जांच के साथ यह भी पता लगा रही है कि गिरोह ने इसी तरह की वारदात अन्य लोगों के साथ भी की है या नहीं।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button