खोया हुआ आईफोन लौटाकर रेलवे ने जीता यात्री का विश्वास

रायपुर/नागपुर। ड्यूटी पर तैनात मुख्य टिकट निरीक्षक ने अपनी ईमानदारी का परिचय देते हुए ट्रेन में यात्री द्वारा भूल गये मोबाइल आई फोन को उसे फिर से वापस कर यात्रियों में रेलवे के प्रति विश्वास जगाया है। रेलवे से प्राप्त जानकारी के अनुसार 16 जुलाई को ट्रेन संख्या 12410 (गोंडवाना एक्सप्रेस) में नई दिल्ली से नागपुर की यात्रा कर रहे श्री गौरव वानखेड़े (आयु 21 वर्ष) ने नागपुर स्टेशन पर सीटीआई श्री राजकुमार को अपने आईफोन के गुम होने की सूचना दी। श्री राजकुमार ने यात्री को अपनी सीट पर पुन: तलाश करने की सलाह दी, लेकिन मोबाइल नहीं मिला और उसका नेटवर्क भी उपलब्ध नहीं था। चूंकि यात्री की यात्रा नागपुर तक ही थी, इसलिए उन्हें आवश्यक कार्रवाई हेतु जीआरपी नागपुर में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई।
ट्रेन के दुर्ग स्टेशन पहुंचने पर एक सहयात्री ने सीट के नीचे सीट कवर के पास एक आईफोन मिलने की सूचना सीटीआई श्री राजकुमार को दी। उन्होंने तत्काल यात्री के पीएनआर विवरण के माध्यम से उसका वैकल्पिक संपर्क नंबर प्राप्त किया और लगातार प्रयास कर उसके परिजनों से संपर्क स्थापित किया। बाद में स्वयं यात्री श्री गौरव वानखेड़े से बातचीत कर उन्हें उनके आईफोन की बरामदगी की जानकारी दी गई। राजकुमार ने यात्री को सूचित किया कि वह अगले दिन अपनी पहचान संबंधी दस्तावेज के साथ अपना आईफोन प्राप्त कर सकते हैं। अपने खोए हुए मोबाइल के सुरक्षित मिलने की सूचना पर यात्री एवं उनके परिजनों ने सीटीआई श्री राजकुमार की ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा एवं संवेदनशील कार्यशैली की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक, नागपुर मंडल, श्री दीपक कुमार गुप्ता ने कहा कि रेलवे केवल यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने का माध्यम नहीं है, बल्कि उनकी सुरक्षा, सुविधा एवं विश्वास की रक्षा करना भी हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। हमारे कर्मचारियों की ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा ही भारतीय रेलवे की सबसे बड़ी पहचान है। सीटीआई श्री राजकुमार द्वारा प्रदर्शित संवेदनशीलता एवं तत्परता सराहनीय है और यह अन्य कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, नागपुर मंडल, श्री दिलीप सिंह ने कहा कि, यात्रियों की सेवा एवं उनकी अमानत की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च जिम्मेदारी है। सीटीआई श्री राजकुमार ने जिस ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ यात्री का खोया हुआ आईफोन सुरक्षित बरामद कर उसे लौटाने की व्यवस्था की, वह रेलवे की ‘यात्री सेवा सर्वोपरिÓ की भावना का उत्कृष्ट उदाहरण है। ऐसे कर्मचारी विभाग का गौरव हैं और यात्रियों के बीच रेलवे की सकारात्मक छवि को और अधिक सुदृढ़ करते हैं।







