कानून और समाज सेवा के क्षेत्र में उपलब्धि, डॉ. रुपाली राठौर को मिला निदेशक पद

मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के लिए गौरव का क्षण सामने आया है। शहर की हाई कोर्ट एडवोकेट डॉ. रुपाली राठौर को उत्तर प्रदेश राज्य विधान मंडल पेंशनर्स संस्थान, लखनऊ में निदेशक पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति संस्थान की मासिक बैठक के दौरान लखनऊ विधानसभा भवन के कक्ष क्रमांक-44 में हुई, जहां संस्थान के पदाधिकारियों ने उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपते हुए नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारु चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि लखनऊ कैंटोनमेंट के उपाध्यक्ष प्रमोद शर्मा और नेहरू युवा केंद्र के चेयरमैन रामपाल शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह में डॉ. रुपाली राठौर को उनके सामाजिक, कानूनी और जनसेवा से जुड़े कार्यों के लिए ‘राष्ट्र सेवा गौरव सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया। उनकी नियुक्ति और सम्मान की खबर सामने आने के बाद इंदौर में खुशी का माहौल है। विभिन्न समाजसेवी संस्थाओं, अधिवक्ताओं, राजनीतिक प्रतिनिधियों और प्रबुद्धजनों ने उन्हें बधाई देते हुए इसे इंदौर के लिए गर्व का विषय बताया। डॉ. रुपाली राठौर ने इस सम्मान और नई जिम्मेदारी के लिए संस्थान के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगी तथा समाज और राष्ट्रहित में निरंतर कार्य करती रहेंगी।







