ChhattisgarhCrime

पति ने पत्नी के प्रेमी को उतारा मौत के घाट, गिरफ्तार

Share

धमतरी। पुलिस ने हत्या के एक मामले का खुलासा किया है। मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। इसमें पति ने पत्नी के प्रेमी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी की पत्नी पूर्णिमा सोरी 31, निवासी ग्राम बाजार कुर्रीडीह, का पिछले एक वर्ष से शंकर सूर्यवंशी, निवासी नगरी तहसील दलौदा, जिला मंदसौर (मध्यप्रदेश), के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। शंकर सूर्यवंशी समय-समय पर पूर्णिमा सोरी से मिलने उसके गांव आता था।
15 दिन पहले पूर्णिमा सोरी अपनी दो बच्चियों के साथ शंकर सूर्यवंशी के घर गई थी और चार-पांच दिन वहां रहने के बाद वापस अपने घर लौट आई थी। आठ जुलाई को शंकर सूर्यवंशी फिर से पूर्णिमा सोरी से मिलने उसके घर पहुंचा। रात में भोजन करने के बाद पूर्णिमा सोरी, उसका पति योगेंद्र सोरी, दोनों बच्चे और शंकर सूर्यवंशी एक ही हॉल में सो गए।
इसी दौरान 8 और 9 जुलाई की दरम्यानी रात योगेंद्र सोरी ने पत्नी के प्रेमी शंकर सूर्यवंशी के गले पर कुल्हाड़ी से प्राणघातक वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल शंकर सूर्यवंशी को जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही केरेगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी बरामद कर आरोपी योगेंद्र सोरी को गिरफ्तार कर लिया।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button