ChhattisgarhCrime

चोरी के आरोप से प्रताड़ित छात्रा ने जान दी, IC मार्ट सील

Share

कोरिया। कोरिया जिले के बैकुंठपुर में एक 17 वर्षीय छात्रा की आत्महत्या के बाद पूरे शहर में सनसनी फैल गई है। घटना के बाद परिजनों ने आईसी मार्ट प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने संबंधित मार्ट को सील कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, छात्रा अपनी बड़ी बहन के साथ आईसी मार्ट में खरीदारी करने गई थी। परिजनों का आरोप है कि दोनों पर चोरी का आरोप लगाकर काफी देर तक रोका गया। उनसे सामान की सूची बनवाई गई और छात्रा से लिखित रूप में यह स्वीकार भी कराया गया कि उसने और उसकी बहन ने दुकान से चोरी की है।
मृतका के पिता पुलिस विभाग में कार्यरत हैं। उनका कहना है कि जब वे मार्ट पहुंचे तो उनसे पहले 20 हजार और बाद में 50 हजार रुपये देने की मांग की गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि छात्रा की स्कूटी भी मार्ट प्रबंधन ने अपने कब्जे में रख ली और पैसे दिए बिना लौटाने से इनकार कर दिया। परिवार का कहना है कि इस घटना के बाद छात्रा गहरे मानसिक तनाव में चली गई थी।
8 जुलाई की दोपहर में छात्रा ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों का आरोप है कि कथित अपमान, दबाव और वसूली की मांग से आहत होकर छात्रा ने यह कदम उठाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button