ChhattisgarhCrimeRegion

9 झपटमारी की वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी गिरफ्तार 

Share

जगदलपुर। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में लगातार झपटमारी करने वाले नकाबपोश आरोपी राजमन यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी शहर में अब तक 9 झपटमारी की वारदात कर चुका है। ज्यादातर महिलाओं को अपना निशाना बनाता था। एक झपटमारीमें बाइक सवार बदमाश पर्स छीनते समय युवती को 100 मीटर तक घसीटते चला गया, जिसका सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। सीसीटीवी का वीडियो 2 जुलाई की शाम का है। पुलिस ने उसके कब्जे से 8 बैग, 3 मोबाइल, सोने-चांदी के आभूषण समेत करीब 2 लाख 50 हजार रुपए का सामान बरामद किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी राजमन यादव (19), ग्राम कुथर थाना मारडूम का रहने वाला है। वह बाइक पर नकाब लगाकर शहर के अलग-अलग इलाकों में घूमता था और सुनसान जगहों पर बैग लेकर जा रही महिलाओं और युवतियों को निशाना बनाता था। पीछे से तेज रफ्तार बाइक से पहुंचकर वह झपटमारी करता और मौके से फरार हो जाता था। बैग से नकदी के साथ ही कीमती सामान निकालने के बाद बैग और मोबाइल फेंक देता था।
28 जून को सिरहासार चौक के पास एक महिला का पर्स छीनने की घटना के बाद कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज किया था। इसके बाद 2 जुलाई और 5 जुलाई को भी उसी पैटर्न पर झपटमारी की घटनाएं सामने आईं। लगातार बढ़ रही वारदातों को देखते हुए पुलिस और साइबर टीम को अलर्ट किया गया था। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाई गई। 7 जुलाई को पुलिस को सूचना मिली कि संदिग्ध युवक दलपत सागर की ओर से पावर हाउस चौक की तरफ आ रहा है। सूचना पर कोतवाली और साइबर टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने कोतवाली थाना क्षेत्र में 5 और बोधघाट थाना क्षेत्र में 4 समेत कुल 9 झपटमारी की वारदातें करना स्वीकार किया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी दोस्तों के साथ घूमने-फिरने और खर्च के लिए पैसे जुटाने की नीयत से झपटमारी की वारदात करता था। उसके कब्जे से 8 बैग, 3 मोबाइल, सोने-चांदी के आभूषण, नगदी, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस समेत करीब 2 लाख 50 हजार रुपए का सामान बरामद किया गया है।
थाना प्रभारी लीलाधर राठौर ने बताया कि, पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शलभकुमार सिन्हा के निर्देशन में कोतवाली और साइबर टीम ने संयुक्त रूप से की।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button