कांग्रेस की सट्टा सरकार के संरक्षण में पल रहे घोटालेबाज अब पाताल से भी खींचे जा रहे : भाजपा

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विजयशंकर मिश्रा ने महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप के मुख्य आरोपी और मास्टरमाइण्ड सौरभ चन्द्राकर की ओमान में हुई गिरफ्तारी के मद्देनजर तत्कालीन कांग्रेस सरकार और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर तीखा हमला बोला है। डॉ. मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्रीय जाँच एजेंसियों की तत्परता और जीरो टॉलरेंस की नीति का परिणाम है कि छत्तीसगढ़ की युवा पीढ़ी को सट्टे के दलदल में धकेलने वाला मुख्य गुनहगार आज सलाखों के पीछे है। उसे ओमान से प्रत्यर्पित कर भारत लाया जा रहा है और अब इस 5 हजार करोड़ रुपए के महाघोटाले के असली ‘आकाओंÓ के चेहरे बेनकाब होकर रहेंगे।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. मिश्रा ने कांग्रेस शासनकाल पर कड़ा कटाक्ष करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के इतिहास में भूपेश बघेल की सरकार सट्टा सरकार के रूप में याद की जाएगी। जिस भिलाई के लड़के ने 2019 से हजारों करोड़ रुपए का साम्राज्य खड़ा कर लिया, वह तत्कालीन कांग्रेस सरकार की नाक के नीचे फल-फूल रहा था। क्या यह मुमकिन है कि बिना राजनीतिक संरक्षण और सत्ता के शीर्ष पर बैठे लोगों के वरदहस्त के बिना इतना बड़ा सट्टा और मनी लॉन्ड्रिंग का खेल साल-दर-साल चलता रहा? छत्तीसगढ़ की जनता सब समझ रही है कि उस वक्त कार्रवाई के नाम पर सिर्फ लीपापोती क्यों की जा रही थी! डॉ. मिश्रा ने कहा कि जब भाजपा और केन्द्रीय एजेंसियां इस घोटाले की परतें खोल रही थीं, तब कांग्रेस के नेता इसे राजनीतिक द्वेष का नाम देकर छाती पीट रहे थे। आज जब इंटरपोल के रेड नोटिस पर ओमान पुलिस ने मास्टरमाइण्ड को दबोचा है, तो कांग्रेस के खेमे में सन्नाटा पसरा है! यह गिरफ्तारी छत्तीसगढ़ के उन लाखों युवाओं के साथ न्याय की शुरुआत है, जिनका भविष्य इस सिण्डिकेट ने बर्बाद किया।







