2621 वाहन चालक पकड़े गए वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते

बिलासपुर। आईटीएमएस कैमरों की मदद से बिलासपुर यातायात पुलिस ने वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने वाले 2621 वाहन चालकों पर कार्रवाई की। यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियम तोडऩे वालों को किसी तरह की राहत नहीं मिलेगी। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सड़क सुरक्षा को अपनी जिम्मेदारी समझें और यातायात अनुशासन का पालन कर सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाने में सहयोग करें।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस उप महानिरीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में शहरभर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है। विशेष रूप से वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के इस्तेमाल को लेकर आईटीएमएस कैमरों की निगरानी और अधिक पैनी कर दी गई है। यातायात पुलिस के अनुसार, सबसे अधिक लापरवाही युवाओं में देखने को मिल रही है। कई चालक वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करते, चैटिंग करते या कान में ईयरबड और ईयरफोन लगाकर सड़क पर चलते हैं। मोटर वाहन अधिनियम की धारा 21(25) के तहत वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग प्रतिबंधित है। इसके बावजूद नियमों की अनदेखी करने वालों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
यातायात पुलिस ने बताया कि मोबाइल में व्यस्त चालक कई बार एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड, पेट्रोल-डीजल, गैस, टोइंग वाहन और अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को रास्ता देने में भी चूक जाते हैं, जिससे गंभीर स्थिति पैदा हो सकती है। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर लगे पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से लगातार लोगों को यातायात नियमों का पालन करने और वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग नहीं करने की अपील की जा रही है। इसके बावजूद नियम तोडऩे वालों पर अब सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।







