पुलिस ने चलाया विशेष सघन रेड अभियान, 76 के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, 12 बदमाश भेजे गए जेल

बिलासपुर। एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर सोमवार की सुबह शहरभर में एक साथ विशेष सघन रेड अभियान चलाया गया। इस दौरान 90 संदिग्धों से पूछताछ की गई, जिनमें 76 के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई, जबकि 12 बदमाशों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। दो आरोपी अवैध धारदार हथियार के साथ पकड़े गए। पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि अपराध की राह नहीं छोडऩे वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ जिला बदर सहित कठोर कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
विशेष अभियान के तहत शहर के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई की गई। पुलिस टीमों ने चिन्हित गुंडा-बदमाशों, निगरानी अपराधियों और चाकूबाजों के ठिकानों पर पहुंचकर फिजिकल वेरिफिकेशन किया। साथ ही उनकी वर्तमान गतिविधियों की जानकारी जुटाई और कानून-व्यवस्था भंग करने की किसी भी कोशिश से दूर रहने की हिदायत दी। अभियान के दौरान कुल 90 संदिग्ध एवं आदतन बदमाशों को हिरासत में लेकर पूछताछ और सत्यापन किया गया। जांच के बाद 76 आदतन गुंडा-बदमाशों एवं चाकूबाजों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 126 एवं 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। वहीं 12 व्यक्तियों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। अभियान के दौरान दो व्यक्ति अवैध धारदार हथियार के साथ मिले। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।







