Madhya Pradesh

कृषि सेवा केंद्र की आड़ में बन रहे थे नकली नोट, पुलिस ने किया खुलासा

Share

मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले में पुलिस ने नकली नोट बनाने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कृषि सेवा केंद्र की आड़ में चल रहे इस अवैध कारोबार का खुलासा नलखेड़ा थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर किया। पुलिस ने बस स्टैंड स्थित पवार कृषि सेवा केंद्र पर दबिश देकर नरेंद्र सिंह सौंधिया और शुभम सोलंकी को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 500-500 रुपये के कुल 115 नकली नोट, जिनकी कीमत 57 हजार 500 रुपये है, बरामद किए गए। इसके अलावा रंगीन प्रिंटर, कटर और नकली नोट तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण भी जब्त किए गए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने यूट्यूब पर वीडियो देखकर नकली नोट बनाना सीखा था। वे असली 500 रुपये के नोट को स्कैन कर रंगीन प्रिंटर से उसकी कॉपी निकालते और कटर से काटकर उसे असली जैसा आकार देते थे। जांच में कई नोटों के सीरियल नंबर एक जैसे पाए गए, जिससे उनके नकली होने की पुष्टि हुई। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी अब तक कितने नकली नोट बाजार में खपा चुके हैं और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की क्या भूमिका है।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button