जैतपुर कांड में नया मोड़, परिजनों की मांग के बाद जांच की जिम्मेदारी SP को सौंपी गई

उमरिया जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र में तीन महीने पहले हुई तीन युवकों की रहस्यमयी मौत का मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। कमता गांव के पास एक कुएं से रोहित शर्मा, तनुज शुक्ला और सचिन सिंह के शव मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। घटनास्थल पर एक क्षतिग्रस्त कार भी मिली थी। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने इसे सड़क हादसे से जोड़ते हुए गांजा तस्करी के एंगल पर भी जांच की थी और कुछ लोगों पर कार्रवाई की थी। हालांकि मृतकों के परिजन लगातार इस घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जता रहे थे और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे थे। अब मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जिम्मेदारी उमरिया पुलिस अधीक्षक को सौंपी गई है। एसपी स्तर पर जांच में घटनास्थल, साक्ष्यों और गवाहों के बयानों की दोबारा समीक्षा की जाएगी। जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि तीनों युवकों की मौत हादसा थी या इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश थी। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ा दी है।







