बिल भी नहीं दिया,सवा लाख का लैपटॉप भी ले भागा होटल में ठहरा फर्जी कस्टमर

रायपुर। होटल हयात में ठगी का नया मामला सामने आया है। एक ऐसा कस्टमर जो आलीशान कमरे में ठहरने आया था, वह चंद दिनों में ही होटल को दो लाख का चूना लगाकर गायब हो गया। होटल प्रबंधन ने मामले की शिकायत थाने में दर्ज कराई है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, तमिलनाडु का रहने वाला भीमसेन जान 25 जून 2026 को रायपुर के होटल हयात में ठहरा था। उसे होटल के कमरा नंबर 512 में रुकने के लिए अलॉट किया गया था। शुरुआत में वह एक सामान्य मेहमान की तरह ही पेश आया। उसने होटल प्रबंधन से अपने जरूरी काम का हवाला देते हुए एक लैपटॉप की मांग की। मेहमान की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए होटल प्रबंधन ने भी बिना किसी संदेह के बाहरी एजेंसी से एक महंगा लैपटॉप किराये पर मंगवाया और उसे उपलब्ध करा दिया। शहरऔर स्थानीय मार्गदर्शिका
आरोपित ने बड़े शातिराना अंदाज में कुछ दिन होटल में बिताए और 27 जून की सुबह बिना किसी को खबर किए होटल से गायब हो गया। न तो उसने होटल के रिसेप्शन पर चेकआउट की सामान्य प्रक्रिया पूरी की और न ही अपने ठहरने का बकाया बिल चुकाया। जब होटल कर्मचारियों ने उसके कमरे की तलाशी ली, तो कमरा खाली मिला और मेहमान का कहीं पता नहीं था। जांच में सामने आया कि उस पर होटल का 63,755 रुपये का बिल बकाया था। वहीं, होटल द्वारा उसे उपलब्ध कराया गया करीब 1.48 लाख रुपये कीमत का लैपटॉप भी गायब था।
घटना के बाद प्रबंधन ने भीमसेन जान के दोनों मोबाइल नंबरों पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन सभी नंबर बंद आ रहे थे। अंतत:, होटल हयात के सिक्योरिटी इंचार्ज सूरज सिंह ने तेलीबांधा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। तेलीबांधा पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है और अब आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।







