ChhattisgarhRegion

सड़क दुर्घटना के शिकार व्यक्ति का त्वरित एवं कैशलेस उपचार उपलब्ध कराना करें सुनिश्चित : कलेक्टर

Share


रायपुर।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह की उपस्तिथि में कलेक्टोरेट परिसर स्थित रेडक्रॉस सभाकक्ष में प्रधानमंत्री राहत कैशलेस उपचार योजना एवं राहवीर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संभाग स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में डॉ. सिंह ने कहा कि यह प्रभावी योजना है, आप सभी लोग जागरूक रहें और दूसरों को भी जागरूक करें 7 इस योजना में पुलिस की भूमिका अहम है7 उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करें और पूरी कोशिश करें कि कोई भी प्रकरण न छूटे, जिससे कोई भी पीडि़त व्यक्ति इस योजना के लाभ से वंचित न रहे 7 यह प्रशिक्षण सड़क दुर्घटना पीडि़तों को त्वरित एवं प्रभावी सहायता उपलब्ध कराने तथा पुलिस एवं स्वास्थ्य सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों को योजना के प्रावधानों एवं प्रक्रियाओं की समस्त जानकारी प्रदान करना था।
प्रशिक्षण में बताया गया कि प्रधानमंत्री राहत कैशलेस उपचार योजना का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को दुर्घटना के बाद की महत्वपूर्ण अवधि में त्वरित एवं निर्बाध चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। इसके अंतर्गत सूचीबद्ध अस्पतालों में दुर्घटना पीडि़तों को बिना किसी अग्रिम भुगतान के कैशलेस उपचार की सुविधा प्रदान की जाती है, जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में आर्थिक कारणों से उपचार में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। प्रशिक्षण के दौरान यह भी बताया गया कि दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस प्रथम प्रतिक्रिया दल (फर्स्ट रिस्पॉन्डर) के रूप में तत्काल घटनास्थल पर पहुंचेगी तथा घायल व्यक्ति को निकटतम अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करेगी। साथ ही ई-डीएआर में दुर्घटना एवं पीडि़त से संबंधित जानकारी दर्ज कर निर्धारित समय-सीमा में उसका सत्यापन किया जाएगा। ई-डीएआर प्रणाली सड़क दुर्घटना से जुड़े मामलों के डिजिटल एवं पारदर्शी प्रबंधन का महत्वपूर्ण माध्यम है, जिसके जरिए दुर्घटना, उपचार, पुलिस जांच तथा क्लेम संबंधी समस्त जानकारी एकीकृत रूप से उपलब्ध रहती है।
अस्पतालों की भूमिका के संबंध में बताया गया कि दुर्घटना पीडि़त को तत्काल भर्ती कर उपचार प्रारंभ किया जाएगा तथा उपचार के लिए किसी प्रकार की अग्रिम राशि नहीं ली जाएगी। अस्पताल द्वारा टीएमएस पोर्टल में मरीज का पंजीयन कर क्लेम से संबंधित जानकारी ऑनलाइन अपलोड की जाएगी, जिससे उपचार राशि के भुगतान की प्रक्रिया सरल एवं त्वरित रूप से पूर्ण हो सके। प्रशिक्षण में राहवीर योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की सहायता करने अथवा उन्हें समय पर अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिकों को शासन द्वारा निर्धारित प्रावधानों के अनुसार प्रोत्साहन राशि एवं सम्मान प्रदान किया जाता है। यह योजना समाज में मानवीय संवेदनाओं एवं सहयोग की भावना को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इस दौरान आईआरएडी, ई-डीएआर प्रणाली, सिटीराव फ्लो, डेटा एंट्री वर्कफ्लो तथा दुर्घटना डेटा प्रबंधन से संबंधित तकनीकी एवं कार्यात्मक पहलुओं पर भी विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही प्रशिक्षण का संचालन राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) के डी.आई.ओ श्री पी.सी. वर्मा ने किया।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button