दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा ग्राहक मिलन कार्यक्रम का सफल आयोजन

रायपुर/बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा मुख्यालय, बिलासपुर में माल परिवहन व्यवसाय से जुड़े ग्राहकों, उद्योग प्रतिनिधियों एवं व्यापारिक संगठनों के साथ संवाद एवं समन्वय को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से एक ग्राहक मिलन (कस्टमर मीट) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक श्री कमल किशोर सिन्हा एवं प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक श्री बिजय कुमार ने की।
इस अवसर पर 29 विभिन्न फर्मों के 48 प्रतिनिधियों सहित माल परिवहन ग्राहक, उद्योग प्रतिनिधि, साइडिंग संचालक, व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी तथा रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में भारतीय रेल एवं ग्राहकों के मध्य मजबूत साझेदारी को माल परिवहन व्यवसाय की सफलता का आधार बताते हुए ग्राहक सुविधाओं, डिजिटल सेवाओं तथा रेलवे द्वारा संचालित विभिन्न व्यावसायिक पहलों की जानकारी साझा की गई।
बैठक के दौरान माल लदान, अनलोडिंग सुविधाओं, रेलवे साइडिंग, माल शेड, पार्सल एवं लॉजिस्टिक सेवाओं सहित डिजिटल प्लेटफॉर्म से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। ग्राहकों द्वारा प्रस्तुत सुझावों एवं मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार-विमर्श किया गया तथा उनके त्वरित एवं व्यवहारिक समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
कार्यक्रम में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की माल परिवहन उपलब्धियों एवं व्यावसायिक पहलों पर विशेष प्रस्तुति भी दी गई। वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने 261.25 मिलियन टन माल लदान कर भारतीय रेल में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कोयला लदान के क्षेत्र में 199.40 मिलियन टन के साथ प्रथम स्थान हासिल किया गया। इसी अवधि में 30,410.30 करोड़ का उद्गम माल राजस्व अर्जित कर जोन ने भारतीय रेल में अग्रणी प्रदर्शन किया। इसके अतिरिक्त 151.25 बिलियन नेट टन किलोमीटर का रिकॉर्ड प्रदर्शन दर्ज किया गया, जो भारतीय रेल के किसी भी जोन द्वारा सर्वाधिक है।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा माल परिवहन अवसंरचना के विकास के तहत नए गति शक्ति मल्टी-मॉडल कार्गो टर्मिनलों का संचालन, माल शेड सुविधाओं का विस्तार तथा सीसीटीवी एवं ड्रोन आधारित डिजिटल मॉनिटरिंग जैसी आधुनिक व्यवस्थाओं को भी प्रभावी रूप से लागू किया गया है, जिससे ग्राहकों को बेहतर एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित ग्राहकों एवं उद्योग प्रतिनिधियों ने रेलवे द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के संवादात्मक आयोजनों के माध्यम से व्यावसायिक संबंधों को और अधिक सुदृढ़ बनाने की अपेक्षा व्यक्त की। कार्यक्रम का समापन उप मुख्य परिचालन प्रबंधक (गुड्स) श्री अर्जुन सिबल द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।






