दो कार से 300 किलो गांजे के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। लैलूंगा पुलिस ने ओडिशा से मध्यप्रदेश ले जाई जा रही 300 किलो गांजा जब्त कर तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में निखिल कश्यप 23, निवासी रामानुजगंज, जिला बलरामपुर, रिंकु कश्यप 28, निवासी चिरगापारा, थाना दरिमा, जिला सरगुजा और
धर्मेन्द्र कुमार मौर्य 27, निवासी हराटोला, जिला अनूपपुर मध्यप्रदेश) आदि शामिल हैं। कार्रवाई में गांजा, दो लग्जरी वाहन और मोबाइल फोन सहित कुल 1 करोड़ 86 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह को सूचना मिली थी कि ओडिशा के सोनपुर क्षेत्र से दो वाहनों में भारी मात्रा में गांजा भरकर मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले ले जाया जा रहा है। सूचना की पुष्टि होते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में लैलूंगा पुलिस ने विभिन्न मार्गों पर सघन नाकेबंदी शुरू की।
कटकलिया मार्ग पर घेराबंदी के दौरान पुलिस ने एक इनोवा क्रिस्टा और मारुति सुजुकी एक्सएल-6 को रोककर जांच की। जांच के दौरान इनोवा वाहन में दो नंबर प्लेट लगी मिली। वाहन पर ओडिशा और छत्तीसगढ़ दोनों राज्यों के नंबर प्रदर्शित किए गए थे, जिससे पुलिस का संदेह और गहरा गया। पुलिस ने वाहनों में सवार निखिल कश्यप, रिंकु कश्यप और धर्मेन्द्र कुमार मौर्य को एनडीपीएस एक्ट के तहत आवश्यक जानकारी देकर तलाशी ली। तलाशी में दोनों वाहनों से बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने दोनों वाहनों से 300 किलो गांजा बरामद किया, जिसकी बाजार कीमत 1.50 करोड़ रुपये बताई गई है। इसके अलावा परिवहन में इस्तेमाल की जा रही इनोवा क्रिस्टा, मारुति सुजुकी एक्सएल-6 तथा पांच मोबाइल फोन, जिनमें दो आईफोन भी शामिल हैं, जब्त किए गए हैं। जब्त संपत्ति का कुल मूल्य 1 करोड़ 86 लाख रुपये आंका गया है।
आरोपियों ने बताया कि गांजा की खेप मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में अपने सहयोगियों तक पहुंचाई जानी थी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना लैलूंगा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले में फरार अन्य आरोपियों और पूरे तस्करी नेटवर्क की तलाश के लिए रायगढ़ पुलिस की विशेष टीम सरगुजा और अनूपपुर रवाना की गई है।







