ChhattisgarhPoliticsRegion

फरसगांव उपचुनाव में कांग्रेस-भाजपा ने जीता एक-एक वार्ड, कांटे की टक्कर में तय हुई जीत

Share

कोंडागांव। जिले के नगर पंचायत फरसगांव के वार्ड क्रमांक 01 एवं 12 में हुए उपचुनाव के नतीजे गुरुवार को घोषित कर दिए गए। दोनों वार्डों में मुकाबला बेहद रोमांचक रहा और जीत-हार का फैसला महज कुछ मतों के अंतर से हुआ। वार्ड क्रमांक 01 में कांग्रेस प्रत्याशी उमेश सोना ने भाजपा उम्मीदवार प्रेम नाग को मात्र 2 मतों के अंतर से पराजित कर जीत दर्ज की। उमेश सोना को कुल 141 मत प्राप्त हुए, जबकि प्रेम नाग को 139 मत मिले। इस वार्ड में 4 मतदाताओं ने नोटा का विकल्प चुना। वहीं वार्ड क्रमांक 12 में भाजपा प्रत्याशी छबीला नेताम ने कांग्रेस की सावित्री मरकाम को 5 मतों से हराया। छबीला नेताम को 129 मत मिले, जबकि सावित्री मरकाम को 124 मत प्राप्त हुए। इस वार्ड में 2 मत नोटा के पक्ष में पड़े। उपचुनाव के नतीजों में कांग्रेस और भाजपा दोनों को एक-एक वार्ड में सफलता मिली है। परिणाम घोषित होने के बाद दोनों दलों के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
निर्वाचन अधिकारी अश्वन कुमार पुसाम ने गुरूवार सुबह 10:30 बजे विजयी प्रत्याशियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किया। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने विजयी प्रत्याशी छबीला नेताम के समर्थन में नगर में विजय रैली निकाली, वहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उमेश सोना की जीत पर ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ जश्न मनाया। उपचुनाव के परिणामों ने यह संकेत दिया है कि फरसगांव की राजनीति में दोनों प्रमुख दलों के बीच प्रतिस्पर्धा लगातार कड़ी होती जा रही है और मतदाताओं की भूमिका पहले से अधिक निर्णायक बन गई है।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button