ChhattisgarhCrimeRegion

रायगढ़ को मिले 18 नए उप निरीक्षक, एसएसपी ने जनसेवा, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने दी सीख

Share

रायगढ़। प्रदेशभर में 526 प्रशिक्षु उप निरीक्षकों (एसआई) को व्यवहारिक प्रशिक्षण के लिए अलग-अलग जिलों में भेजा गया है। इसी कड़ी में रायगढ़ जिले को भी 18 नए प्रशिक्षु उप निरीक्षक मिले हैं। इन सभी अधिकारियों ने पुलिस लाइन पहुंचकर अपनी आमद दर्ज कराई, जहां उनका स्वागत किया गया और वरिष्ठ अधिकारियों से परिचय कराया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने प्रशिक्षु अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि व्यवहारिक प्रशिक्षण पुलिस सेवा का सबसे अहम हिस्सा होता है। अकादमी में प्राप्त ज्ञान को वास्तविक परिस्थितियों में लागू करना ही एक बेहतर पुलिस अधिकारी की पहचान बनाता है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने प्रशिक्षु एसआई को अनुशासन, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा को अपने कार्य का आधार बनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासन सबसे पहली और सबसे जरूरी सीढ़ी है। हर पुलिस अधिकारी का आचरण और कार्यशैली ही विभाग की छवि तय करती है। उन्होंने कहा कि पुलिस की नौकरी सिर्फ प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि यह जनसेवा का सबसे बड़ा माध्यम है। आम लोगों की समस्याओं को समझना और संवेदनशीलता के साथ उनकी मदद करना एक अच्छे पुलिस अधिकारी की पहचान होती है।
एसएसपी ने प्रशिक्षु अधिकारियों को आम जनता के प्रति जवाबदेह और सेवाभावी दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास बनाए रखना बेहद जरूरी है इसलिए हर अधिकारी को अपने व्यवहार में संयम, धैर्य और संवेदनशीलता बनाए रखनी चाहिए। उन्होंने नए अधिकारियों को सलाह दी कि वे प्रशिक्षण अवधि का अधिकतम लाभ उठाएं और वरिष्ठ अधिकारियों एवं अनुभवी पुलिसकर्मियों से सीखने का हर अवसर अपनाएं।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button