अग्रवाल सभा राजनांदगांव में शरद को मात दे सुशील बने अध्यक्ष, अशोक सिंघल कोषाध्यक्ष निर्वाचित

राजनांदगांव। अग्रवाल सभा राजनांदगांव के प्रतिष्ठापूर्ण चुनाव मे समाज ने बदलाव के पक्ष में स्पष्ट जनादेश देते हुए वर्तमान अध्यक्ष शरद अग्रवाल को पराजित कर सुशील अग्रवाल को नया अध्यक्ष चुन लिया है। वहीं कोषाध्यक्ष पद पर हुए मुकाबले में अशोक सिंघल ने शानदार जीत दर्ज की। चुनाव परिणाम घोषित होते ही अग्रसेन भवन में समर्थकों एवं समाजजनों के बीच उत्साह का माहौल बन गया।
अध्यक्ष पद के चुनाव में सुशील अग्रवाल ने 38 मतों के अंतर से जीत दर्ज कर समाज का विश्वास हासिल किया। चुनाव परिणाम के बाद समर्थकों ने उनका पुष्पहार पहनाकर स्वागत किया तथा बधाइयों का सिलसिला देर तक चलता रहा। सुशील अग्रवाल को 115, शरद अग्रवाल 77 मत तथा एक मत अवैध घोषित किया गया। कोषाध्यक्ष पद के त्रिकोणीय मुकाबले में अशोक सिंघल ने 102 मत प्राप्त कर शानदार जीत हासिल की। परमानंद गोयल को 65 मत तथा संजय लोहिया को 26 मत प्राप्त हुए। अशोक सिंघल की जीत को समाज में उनके लंबे सामाजिक जुड़ाव और सक्रियता का परिणाम माना जा रहा है।
अग्रवाल सभा के कुल 194 मतदाताओं में से 193 ने मतदान किया। लगभग शत-प्रतिशत मतदान ने समाज के लोकतांत्रिक मूल्यों और संगठन के प्रति सदस्यों की जागरूकता को प्रदर्शित किया। चुनाव प्रक्रिया का संचालन निर्वाचन अधिकारी उमाकांत भारद्वाज के निर्देशन में संपन्न हुआ। मतगणना पूरी होने के बाद उन्होंने सुशील अग्रवाल को अध्यक्ष एवं अशोक सिंघल को कोषाध्यक्ष पद पर निर्वाचित घोषित किया। उन्होंने चुनाव को शांतिपूर्ण एवं सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी मतदाताओं और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुशील अग्रवाल ने कहा कि यह जीत पूरे समाज के विश्वास की जीत है। उन्होंने चुनाव में सहयोग देने वाले सभी मतदाताओं, वरिष्ठजनों, युवाओं एवं महिलाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब समय समाज को और अधिक संगठित एवं मजबूत बनाने का है। वे सभी को साथ लेकर समाजहित में कार्य करेंगे।







