सराफा व्यवसायी हत्याकांड, पीड़ित परिवार के साथ जेसीसीजे नेता जोगी ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

गौरेला/पेंड्रा/मरवाही। कोटमी के बाजार में सराफा व्यवसायी प्रदीप सोनी की हत्या के मामले में छह दिन बाद भी पुलिस को हत्यारों का कोई सुराग नहीं लग पाया है। पीड़ित परिवार ने छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी के नेतृत्व में कलेक्टर से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पुलिसिया कार्रवाई पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग का ज्ञापन सौंपा।
पीड़ित परिवार ने कहा कि घटना के छह दिन बाद भी आरोपियों का सुराग न मिल पाना स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगाता है। मृतक प्रदीप सोनी की बेटी ने प्रशासन से मांग की कि उसके पिता के कातिलों को समाज में रहने का कोई हक नहीं है, उनका तत्काल एनकाउंटर किया जाना चाहिए।
अमित जोगी और पीड़ित परिवार ने ज्ञापन में मांग की है कि साप्ताहिक बाजारों के दौरान सराफा व्यवसायियों की सुरक्षा सहित दो मुख्य मांगें रखी। ग्रामीण और साप्ताहिक बाजारों में आवाजाही करने वाले सराफा कारोबारियों को पुलिस सुरक्षा मुहैया कराई जाए। आत्मरक्षा के लिए व्यापारियों को प्राथमिकता के आधार पर ‘शस्त्र लाइसेंस स्वीकृत किए जाएं।
जेसीसीजे नेता अमित जोगी ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। इससे व्यापारी वर्ग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई और मामला केंद्रीय जांच एजेंसी को नहीं सौंपा गया, तो पीड़ित परिवार के न्याय के लिए उग्र आंदोलन किया जाएगा।







